जालौन (उप्र) 14 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एक गांव में अधेड़ उम्र के व्यक्ति की सिर पर फावड़े से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी करके जांच शुरू कर दी है। जालौन के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय कुमार सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कुसमरा गांव के निवासी राजेश कुमार सलोनिया (44) के सिर पर फावड़े से वार करके उनकी हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जालौन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परिजन से तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस मामले की जांच और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
घटना के कारणों और हत्या में शामिल व्यक्ति के संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ।
