चार मंजिला इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत, करीब आठ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

राष्ट्रीय
Spread the love

ठाणे: 31 जुलाई (ए) महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा सात से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पावरलूम नगरी भिवंडी में बालाजी नगर क्षेत्र स्थित कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे ढह गया।

भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के अग्निशमन अधिकारी विजय जाधव ने ‘ बताया कि मलबे से एक शव निकाला गया है, जबकि एक लड़के को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि सात से आठ लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के लिए तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है।

महानगरपालिका के अधिकारियों के अनुसार, इस इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे। इस इमारत को पहले ही नगर निकाय द्वारा खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसा उस समय हुआ, जब परिसर में मरम्मत का काम जारी था।

एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से ‘‘तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं।’’

खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की लेकिन जब कुछ निवासी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर ढह गई।

मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ठाणे आपदा मोचन बल और स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव कार्य में श्वान दस्ता, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और मलबा हटाने वाली भारी मशीनें तैनात की गई हैं।