पाकिस्तान : इमरान खान को इस्लामाबाद के अस्पताल में आंख का इलाज करने के बाद वापस जेल भेजा गया

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

इस्लामाबाद: 24 फरवरी (ए

) पाकिस्तान के अडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार तड़के आंखों की बीमारी के इलाज के लिए इस्लामाबाद के अस्पताल ले जाया गया और बाद में वापस कारागार भेज दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। खान की दाहिनी आंख में पिछले महीने सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूसन (सीआरवीओ) की बीमारी का पता चला था, जिससे उनकी दृष्टि प्रभावित हुई है।
एक चिकित्सक ने बताया कि खान को एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल इंजेक्शन की दूसरी खुराक देने के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) लाया गया था। इससे पहले 24 जनवरी को उनका इलाज किया गया था।
उन्होंने बताया, ‘‘प्रक्रिया से पहले, विशेषज्ञ चिकित्सकों के एक बोर्ड द्वारा खान की जांच की गई। बोर्ड में एक हृदय रोग विशेषज्ञ शामिल थे जिन्होंने इकोकार्डियोग्राफी और ईसीजी किया और परिणाम सामान्य रहे। ’’
चिकित्सक ने बताया, ‘‘संबंधित सहमति प्राप्त करने के बाद, और ऑपरेशन थिएटर में मानक निगरानी, ​​एहतियाती उपायों और प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद खान को पीआईएमएस और अल-शिफा नेत्र अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञों और विट्रियो-रेटिनल सर्जन के मार्गदर्शन में एंटी-वीईजीएफ के इंट्राविट्रियल इंजेक्शन की दूसरी खुराक दी गई।’’
चिकित्सक ने बताया कि यह प्रक्रिया ‘डे-केयर’ सर्जरी के रूप में की गई और खान की स्थिति पूरी प्रक्रिया के दौरान स्थिर रही। प्रक्रिया के बाद उन्हें देखभाल और आगे की जांच के निर्देशों के साथ छुट्टी दे दी गई।
इससे पहले, खान के परिवार और उनकी पार्टी, ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) ने मांग की थी कि पूर्व प्रधानमंत्री का इलाज इस्लामाबाद के निजी अस्पताल शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में किया जाए।