लखनऊ: 28 जून (ए)
) उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय नहीं होने के बीच लोग उमस भरी भीषण गर्मी से बेहाल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में मानसून अभी तक पूरी तरह सक्रिय नहीं होने के बीच अनेक स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पंखे, कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं। रविवार की शाम आसमान में हल्के बादल छाए किन्तु राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग के मुताबिक आगरा में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 42.4 डिग्री सेल्सियस, लखीमपुर खीरी में 42 डिग्री सेल्सियस, उरई में 41 डिग्री सेल्सियस, अलीगढ़ में 40.8 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
विभाग के अनुसार हमीरपुर और बरेली में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह, फतेहगढ़ और बस्ती में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य की राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है जबकि पूर्वी हिस्से में कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने की संभावना है।