होशियारपुर (पंजाब): तीन जून (ए)
) पंजाब के होशियारपुर जिले के चब्बेवाल थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मंगलवार रात अपने परिवार के साथ एक कार्यस्थल पर गई थी। वह पास ही बनी एक अस्थायी झोपड़ी (झुग्गी) में अपनी चप्पल लेने के लिए गई थी जिसे उसने वहां छोड़ दिया था।
पुलिस के अनुसार, कुछ समय तक लड़की के वापस नहीं लौटने पर उसके माता पिता उसे ढूंढने के लिए उस झुग्गी में गए। वहां लड़की के न मिलने पर उन्होंने उसे ढूंढना शुरू किया। इस दौरान उन्हें पीड़िता पास की झाड़ी में मिली जहां उन्होंने हरदेश उर्फ बंटू को कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म करते देखा।
पुलिस ने बताया कि लड़की के माता-पिता को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। हरदेश उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला है।
उसने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं और मामले में आगे की जांच की जा रही है।