नयी दिल्ली: छह अक्टूबर (ए) मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर मंगलवार को यहां निर्वाचन आयोग मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर को लेकर विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर शुक्रवार से ही नयी दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर कई संगठनों और विपक्षी दलों द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन की घोषणा किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने घोषणा की है कि उसके सांसद मंगलवार को निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च करेंगे। गठबंधन के नेता एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताओं से अवगत कराने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
यह प्रदर्शन 30 सितंबर को 19 विपक्षी दलों की बैठक के बाद घोषित किया गया था।
निर्वाचन आयोग के कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि आवाजाही नियंत्रित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल लगातार निर्वाचन आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने अपने तीन सदस्यीय निकाय में किसी भी तरह के मतभेद के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
