भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 20 मई (ए)) उत्तर भारत बुधवार को भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा। देश में सबसे अधिक तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। वहीं, पंजाब के फरीदकोट में तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। हरियाणा के रोहतक में भी अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के कई शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। अमरावती में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।तेज धूप और लू के कारण दिन के समय सड़कें और बाजार सुनसान नजर आ रहे हैं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी का असर पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है, जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है।
  बुधवार को प्रयागराज में तापमान 46.4°C, झांसी में 45.9°C, आगरा में 45.3°C, बुलंदशहर में 45°C और कानपुर में 44.6°C दर्ज किया गया। प्रयागराज में अचानक एक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। आशंका है कि तेज गर्मी और बढ़े हुए बिजली लोड के कारण आग लगी।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को देश के 22 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में प्रचंड़ गर्मी देखने को मिल रही है, जहां बांदा लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म शहर रहा। इतिहास में दूसरी बार तापमान 48 डिग्री के पार गया है। 2019 में 48.1 डिग्री और 2022 में 49 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। लू को लेकर प्रदेश के 11 जिलों में रेड, 14 में ऑरेंज और 28 में यलो अलर्ट जारी किया है।भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों के लिए भीषण लू की स्थिति को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।