आरा: 25 नवंबर (ए) बिहार के भोजपुर जिले में पुरानी रंजिश को लेकर शादी समारोह के दौरान दो लोगों ने कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
घटना मंगलवार देर रात जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव में हुई। आरा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2 ) सुशील कुमार ने बताया, “मंगलवार रात करीब 11.30 बजे मुफस्सिल थाना को सूचना मिली कि शादी समारोह के पास राहुल कुमार, दीपक कुमार और सोनू कुमार को गोली मार दी गई है। तीनों को आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल और दीपक को मृत घोषित कर दिया।उन्होंने बताया कि सोनू कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गौसगंज निवासी धीमान यादव और आशीष यादव के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी, व्यक्तिगत रंजिश गोलीबारी की वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।”
सुशील कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है और छापेमारी की जा रही है।
