बस्ती (उप्र), आठ मई (ए)
) बस्ती जिले के वाल्टरगंज थानाक्षेत्र में छह साल की एक बच्ची से दो लोगों ने कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि दोनों आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे बच्ची शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी दोनों युवकों ने उसे चॉकलेट का लालच देकर अपने पास बुलाया।
पुलिस के मुताबिक गांव में दो शादियों के कारण तेज आवाज में ‘डीजे’ बज रहा था। आरोप है कि दोनों युवकों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
खून से लथपथ हालत में घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने तत्काल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को तहरीर दी।
सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने कहा कि बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया तथा उसकी हालत अब सामान्य है एवं उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक शर्मा (27) और विशाल उर्फ सौरभ को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ (सिटी) के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2) (नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार) तथा पॉक्सो अधिनिय की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।