मुंबई: दो नवंबर (ए) महाराष्ट्र के जलगांव जिले में निलंबित पुलिसकर्मी और उसके साथियों ने कथित तौर पर एक बैंक में लूटपाट कर 27 किलोग्राम सोना और 12.5 लाख रुपये नकद लूटे लिए लेकिन सतर्क स्थानीय लोगों ने उनकी भागने की कोशिश नाकाम कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
धरनगांव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हथियारों से लैस लुटेरों का एक गिरोह शनिवार अपराह्न भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की भोकर शाखा में घुसा और कर्मचारियों को बंदूक से डरा-धमकाकर बंधक बना लिया।
इसके बाद आरोपी सोने के आभूषणों और नकदी से भरे पांच बोरे लेकर दोपहिया वाहनों से फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया कि बैंक कर्मचारियों द्वारा आपात अलार्म बजाए जाने के बाद आसपास के गांवों के युवकों ने मोटरसाइकिलों से लुटेरों का पीछा किया और ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर उनका रास्ता रोक दिया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने हाथापाई के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि अन्य समीप के खेतों में भाग गए। इस दौरान तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
स्थानीय लोग शंकर रमेश जसक (42) को पकड़ने में सफल रहे। पुलिस अधिकारी के रूप में काम करने वाले शंकर को 2023 में सेवा से निलंबित कर दिया गया था।
जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि शंकर ने बैंक में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत एक रिश्तेदार की मदद से इस डकैती को अंजाम दिया था।
धरनगांव थाने के निरीक्षक उमाकांत गायकवाड़ ने बताया, “हमने 27 किलो सोने और 12.5 लाख रुपये नकद सहित चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान गजानन राजेंद्र पवार (32), अंकुश तुलसीराम चव्हाण और अंकुश श्रवण चव्हाण के रूप में हुई है।”
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और डकैती में शामिल शेष संदिग्धों को पकड़ने और गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम तैनात कर दी गई हैं।
