तनाव बढ़ा: चीनी घुसपैठ को भारतीय सेना ने किया नाकाम, झड़प में ड्रैगन के 20 सैनिक घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली, 25 जनवरी एएनएस। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर जारी तनाव के बीच अब सिक्किम में भारत और चीनी सेना के बीच झड़प की खबर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो नॉर्थ सिक्किम के ना कूला सेक्टर में  पिछले सप्ताह चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी ने वास्तविक नियंत्रण रेखा की यथास्थिति को बदलने की कोशिश की थी और भारतीय इलाके में घुसपैठ की फिराक में थे, जिसे भारतीय सेना के जवानों ने नाकाम कर दिया। हालांकि, इस दौरान दोनों पक्षों में झड़प हुई और दोनों तरफ से कुछ जवान घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बीते साल 9 मई को भी भारत और चीन के बीच इसी जगह झड़प हुई थी।
सूत्रों ने कहा कि पिछले सप्ताह नॉर्थ सिक्किम के ना कूला में चीनी सेना ने भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश की थी, मगर भारतीय सेना ने उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया। हालांकि, इस दौरान दोनों में झड़प हुई। बताया जा रहा है कि इस झड़प में चीन के करीब 20 सैनिक घायल हो गए हैं। वहीं, भारतीय सेना के भी चार जवान घायल हुए हैं। 

हालांकि, भारतीय जवानों नॉर्थ सिक्किम में प्रतिकूल मौसम में भी चीनी सेना को पीछे धकेलने में कामयाब रहे। झड़प स्थल पर तनाव बना हुआ है, मगर अभी स्थिति स्थिर है। भारत और चीन के बीच यह ताजा विवाद ऐसे वक्त में आया है, जब दोनों देशों के बीच में नौवें दौर की सैन्य वार्ता हुई है। रविवार को भारत और चीन के बीच में करीब 15 घंटे तक सैन्य वार्ता चली। हालांकि, इस दौरन भारत ने दो टूक में कहा कि चीन को मई से पहले वाली यथास्थिति पर आना ही होगा।
बता दें कि पिछले साल भी नॉर्थ सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की घटना सामने आई थी। इस झड़प में दोनों तरफ के जवान घायल हुए थे। सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रामक रवैया देखने को मिला। हालांकि, बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया था।