नासिक: 29 अक्टूबर (ए) नासिक जिले में मालेगांव नगर निगम के आयुक्त और दो अन्य लोगों को बृहस्पतिवार को नगर निगम से जुड़े कामों से संबंधित बिलों के भुगतान के बदले कथित तौर पर 80,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जुलाई में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मालेगांव नगर निगम (एमएमसी) के आयुक्त रवींद्र जाधव, उनके निजी सहायक (पीए) नीलेश पाटिल और लेखाकार हरीश डिंबर को गिरफ्तार किया गया है।अधिकारी ने कहा, ‘‘जाधव और अन्य दो लोगों ने मालेगांव नगर निगम के लिए किए गए कामों के बिलों के भुगतान के बदले 80,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपों और तीनों लोगों की भूमिका की जांच शुरू की गई। इसके आधार पर बृहस्पतिवार को जाल बिछाया गया और जाधव, पाटिल तथा डिंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।’’उन्होंने बताया कि एसीबी की पुलिस उपाधीक्षक स्वाति पवार की शिकायत पर मालेगांव किला पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
