मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन लोगों की डूबने से मौत, मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love

आगरा (उप्र): तीन अक्टूबर (ए)) आगरा जिले में उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन लोग डूब गए और पांच अन्य लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दलों के नेतृत्व में अभियान चलाया गया है।

यह घटना खैरागढ़ इलाके में बृहस्पतिवार को उस समय घटी जब मूर्ति विसर्जित करने के लिए नौ लोग गहरे पानी में चले गए। इनमें से एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने बचा लिया लेकिन तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई जिनके शव को बरामद कर लिया गया है। मृतकों की पहचान गगन (26) और ओमपाल (32) और भगवती (20) के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) अतुल शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

इससे पहले जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा था कि छह लोग लापता हैं और स्थानीय गोताखोरों, पुलिसकर्मियों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को काम पर लगाया गया है। भगवती का शव शुक्रवार को बरामद किया गया।

बंगारी ने कहा कि प्रशासन ने विसर्जन के लिए एक विशिष्ट स्थान निर्धारित किया था लेकिन इन लोगों ने नदी में मूर्ति विर्सजन के लिए किसी अन्य जगह का चयन किया।

इस बीच, लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की मौत होने पर शुक्रवार सुबह दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।