आदिवासी महिला नेता द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, यशवंत सिन्हा हारे

राष्ट्रीय
Spread the love


नई दिल्ली, 21 जुलाई (ए)। आदिवासी महिला नेता द्रौपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होंगी। आज सुबह से शुरू हुई मतगणना के बाद उन्हें बड़ी जीत हासिल हुई है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है। विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुकाबले उन्हें दो तिहाई के करीब वोट मिले हैं। देश के पहली आदिवासी नेता के तौर पर राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने वालों का तांता शुरू हो गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। जानकारी मिल रही है कि कुछ देर में पीएम मोदी उनके घर पहुंचेंगे और बधाई देंगे।
पहले राउंड की गिनती में द्रौपदी मुर्मू को 748 में से 540 वोट मिले थे। इसके अलावा यशवंत सिन्हा को 208 मत हासिल हुए थे। कुल 748 मत पहले राउंड में वैध पाए गए थे, जिनका मूल्य 5 लाख 23 हजार 600 है। इनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू को हासिल हुए थे, जिनका मूल्य 3,78,000 है। वहीं यशवंत सिन्हा पहले ही राउंड में बड़े अंतर से पिछड़ गए थे। उन्हें कुल 208 वोट ही मिले थे, जिनका मूल्य 1,45,600 ही आंका गया।