तृणमूल विधायक कुणाल घोष पर अंडे फेंकने के लिए कोलकाता में दो आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

कोलकाता, 16 जून (ए) तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के स्थानीय आवास के बाहर पार्टी विधायक कुणाल घोष पर कथित रूप से अंडे फेंके जाने को लेकर मंगलवार सुबह दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घोष ने सोमवार शाम शिकायत दर्ज करायी थी, जिसके आधार पर चंदन सिंह और रवि कोयल को गिरफ्तार किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई। रात में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मंगलवार सुबह दूसरे आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया।’’

घोष सोमवार शाम जब ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद उनके घर से निकल रहे थे, तब उनपर अंडे फेंके गये। उन्होंने अंडों से बचने की कोशिश की, लेकिन एक अंडा उनके सिर पर जा लगा।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘जांचकर्ता हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रहे थे।’’

इन गिरफ्तारियों पर तृणमूल विधायक ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘यह चिंता की बात है कि पुलिस मामूली आरोप लगाकर उन्हें ज़मानत दिलाने में सहायक साबित हो सकती है। मैं उस आरोप की भी जांच चाहता हूं कि ममता बनर्जी के घर पर सीआईडी तलाशी के दौरान गवाह बने एक व्यक्ति ने बाद में उसी घर के बाहर हमला किया।’’

आरोपी चंदन सिंह ने सोमवार को घटना के तुरंत बाद पत्रकारों से कहा कि उसने अंडा इसलिए फेंका, क्योंकि उसे लगता था कि घोष ने कई लोगों के साथ गलत किया है।

आरोप के बारे में पूछे जाने पर घोष ने इसे खारिज कर दिया।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘लोगों पर ज़ुल्म किसने किया है? क्या मैंने किया है? क्या ममता बनर्जी ने किया है? अगर कोई कार्रवाई हुई है, तो वह पुलिस और प्रशासन ने की है। इसके लिए मुझे ज़िम्मेदार क्यों ठहराया जाए?’’

हाल के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद, पिछले कुछ हफ़्तों में राज्य के अलग-अलग भागों हुई कई घटनाओं के बीच यह हमला हुआ है।

अभिषेक बनर्जी और कई अन्य तृणमूल नेताओं को भी नाराज़ लोगों के ऐसे ही विरोध का सामना करना पड़ा है। उनमें विधायक, नगर निकाय के अध्यक्ष और पार्षद आदि शामिल हैं