विमान को गिराने की साजिश के मामले में यूएई में मालदीव के दो पायलट हिरासत में लिए गए

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई: 13 अक्टूबर (ए) दुबई-तेल अवीव उड़ान के अपहरण और उसे दुर्घटनाग्रस्त कराने की कथित साजिश के संबंध में यूएई की पुलिस ने ‘फ्लाईदुबई’ में कार्यरत मालदीव के दो पायलट को गिरफ्तार किया है। ओमान के एक सह-पायलट की साजिश को नाकाम करने की कोशिश के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए थे। मीडिया की खबरों से यह जानकारी मिली।

मालदीव के समाचार पोर्टल ‘अधाधू’ की खबर के अनुसार, दोनों सह पायलट को तीन अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मालदीव के दूतावास ने उनके परिवारों को हिरासत में लिए जाने की औपचारिक सूचना दे दी है।मालदीव के अधिकारियों ने दोनों पायलट को हिरासत में लिए जाने के मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

हिरासत में लिए गए मालदीव के नागरिकों पर लगे आरोपों या उनकी संभावित संलिप्तता के बारे में यूएई अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

ये गिरफ्तारियां 30 सितंबर की घटना की जांच के दायरे को यूएई के अधिकारियों द्वारा बढ़ाए जाने के बीच हुई हैं। इस घटना में ‘फ्लाईदुबई’ के सह-पायलट और ओमान के नागरिक हम्माम अल-हम्मामी पर विमान के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है। आरोप है कि उसने विमान पर नियंत्रण करने और ‘‘आतंकवादी हमला’’ करने के इरादे से ऐसा किया।

माले से प्रकाशित समाचार पत्र ‘मिहारू’ की खबर के अनुसार माना जा रहा है कि दोनों पायलट की अपने कार्यस्थल पर अल-हम्मामी से बातचीत होती थी और वे उसी इमारत में रहते थे, जिसमें वह रहता था

अधिकारियों ने फिलहाल घटना से उनके कथित संबंधों की प्रकृति का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है और न ही उनके खिलाफ मौजूद सबूतों का ब्योरा दिया है।

कथित हमले के समय उड़ान संख्या एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में 174 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।