चाईबासा: नौ अगस्त (ए) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के अलग-अलग गांवों से लापता हुईं दो नाबालिग लड़कियां और एक युवती उत्तर प्रदेश के मेरठ में मिली हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय लड़की के पिता ने एक अगस्त को गुआ थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जिले की एक पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के मेरठ गई और लापता लड़की के साथ-साथ जिले के दो अन्य लोगों को भी बचाया।
पुलिस ने बताया कि वहां मिलीं दो अन्य में 21 वर्षीय महिला और 16 वर्षीय एक लड़की शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जांच से पता चला कि तीनों ने अपने परिजनों को बताए बिना अलग-अलग अपने घर छोड़ दिए थे।
यह पूछे जाने पर कि क्या तीनों मानव तस्करी की पीड़ित थीं, पुलिस ने इस आशंका से इनकार करते हुए कहा कि वे आजीविका की तलाश में अपनी मर्जी से घर से निकली थीं। पुलिस ने बताया कि तीनों को शनिवार को वापस लाया गया और उनके परिजनों से मिला दिया गया।
