बलिया, 12 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सोमवार दोपहर ट्रक की चपेट में आने से 11वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक होमगार्ड कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र में फेफना-रसड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकौनी गांव के सामने यह हादसा हुआ। साइकिल से स्कूल से घर लौट रही छात्रा संध्या वर्मा (17) की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में होमगार्ड कर्मी रामनारायण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फेफना थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि छात्रा यादव बस्ती के पास पहुंची ही थी कि वह और होमगार्ड कर्मी ट्रक की चपेट में आ गए।
पांडेय ने बताया कि मृत छात्रा के पिता रमेश वर्मा की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
