लखनऊ: 10 मई (ए)
) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मेहंदीगंज क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक कार्यकर्ता पर गोली चलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हमले में घायल हुए भाजयुमो कार्यकर्ता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि आरोपी की पहचान वैभव बाजपेयी (25) के रूप में हुई है, जो व्यापार मंडल से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई। घायल हुए भाजयुमो कार्यकर्ता की पहचान चेतन तिवारी (30) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद चेतन को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हमले की वजह आपसी रंजिश सामने आई है।
इस संबंध में चेतन की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि घटना व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हुई।
भाजयुमो, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का आनुषंगिक संगठन है।