आम आदमी पार्टी की महारैली में अरविंद केजरीवाल ने ‘चौथी पास राजा’ की कहानी सुनाई

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 11 जून (ए) राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) की महारैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘‘चौथी पास राजा’’ की एक कहानी सुनाई।.

केजरीवाल ने कहा कि यह एक महान देश की कहानी है, जहां एक गांव के बहुत गरीब घर में एक बच्चे का जन्म हुआ और एक ज्योतिषी ने उसकी कुंडली देख कर भविष्यवाणी की थी कि वह बहुत बड़ा सम्राट बनेगा।.

किसी का नाम लिए बिना केजरीवाल ने कहा, ‘‘बच्चे की मां को ज्योतिषी पर विश्वास नहीं हुआ क्योंकि उन्हें लगा कि गरीबी के हालात में यह कैसे संभव हो सकता है।’’

‘आप’ प्रमुख ने कहा कि बच्चे के कुछ बड़े होने पर उसका सरकारी स्कूल में दाखिला करा दिया गया, लेकिन पढ़ने में उसका मन नहीं लगता था और उसने चौथी कक्षा के बाद स्कूल छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि वह (बच्चा) अपने परिवार की मदद के लिए रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने लगा और इससे अपना गुजारा करता था।

केजरीवाल ने कहा कि वह बचपन से ही बहुत अच्छा भाषण देता था और जैसा कि ज्योतिषी ने भविष्यवाणी की थी, वह बड़ा होकर महान देश का सम्राट बन गया।

उन्होंने कहा कि देश भर में उसे ‘‘चौथी पास राजा’’ के रूप में जाना गया।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘राजा अनपढ़ था, अफसर उस राजा से जहां मर्जी हस्ताक्षर करा लेता था। उसे अधिकारियों से सवाल पूछने में भी शर्म महसूस होती थी क्योंकि उसे लगता था कि अधिकारियों को पता चल जाएगा कि वह अनपढ़ है।’’

मुख्यमंत्री ने दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं के संबंध में केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाने के लिए आयोजित एक रैली में यह कहानी सुनाई।

केजरीवाल ने कहा कि राजा के शासनकाल में अत्याचार होने लगे और धीरे-धीरे लोगों ने उसके खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी, जिसके बाद राजा ने कहा कि उसके खिलाफ बोलने वालों को जेल में डाल दिया जाएगा।

कहानी सुनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भर में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर थी।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘ईश्वर ऊपर से यह सब देख रहे थे और फिर सभी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने बैठकें कीं और फिर मदद मांगने के लिए भगवान शिव के पास गए। भगवान शिव ने अपना तीसरा नेत्र खोला और देश में अजीबोगरीब घटनाएं हुईं। एक ट्रेन दुर्घटना हुई, जिसमें 250 से अधिक लोगों की जान चली गई और लोगों ने कहा कि यह एक अपशकुन है।’’

उन्होंने कहा कि एक दिन भारी बारिश हो रही थी और एक आकाशवाणी हुई, जिसमें लोगों से अहंकारी राजा के खिलाफ आवाज उठाने को कहा।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘जनता जागी और एक वर्ष के भीतर राजा को सत्ता से बाहर कर दिया। राजा के हटने के बाद, देश ने तेजी से प्रगति शुरू कर दी। इस कहानी का महत्व यह है कि जितना अधिक आप इसे सुनाएंगे, आपका उतना ही अधिक कल्याण होगा। जितना अधिक आप इस कहानी का प्रचार करेंगे, समाज और राष्ट्र प्रगति करेगा।’’