भारत बंद के दौरान यूपी के प्रयागराज में रेल रोकी, कई हुए गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश प्रयागराज
Spread the love


लखनऊ, 08 दिसम्बर एएनएस। यूपी में नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के भारत बंद के समर्थन में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता जगह-जगह सड़क पर उतरे हैं। प्रयागराज में सपाइयों ने जहां रेल रोकी वहीं गोरखपुर में प्रशासन की सख्‍ती के बावजूद बड़ी संख्‍या में सपाई सड़क पर उतर गये। सपा के पूर्व महानगर अध्‍यक्ष जियाउल इस्‍लाम को पुलिस ने सुबह ही उनके घर से हिरासत में ले लिया है। उन्‍हें पुलिस लाइन ले जाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ज़ियाउल इस्‍लाम सुबह मॉर्निंग वॉक से लौटे तो घर के दरवाजे से ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बस्‍ती में बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे  सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा लिया। इस दौरान  पूर्व कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक जितेन्द्र चौधरी सहित 50 की संख्या में कार्यकर्ताओ को गांधी नगर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। शास्त्री चौक पर सपा जिला अध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। 
गौरतलब है कि कृषि कानूनों के विरोध में बुलाए गए भारत बंद को 11 राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है। उधर, बंद को लेकर कल ही सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया था इस दौरान आम लोगों को किसी किस्‍म की दिक्‍कत नहीं होनी चाहिए। पुलिस ने सख्‍ती दिखाते हुए लखनऊ में किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी को हिरासत में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार उन्‍हें उनके दफ्तर में ही हिरासत में ले लिया गया। उधर, वाराणसी में भी दर्जन भर से ज्यादा समाजवादी पार्टी के नेताओं को उनके घर में ही नजरबंद किया गया है। उनके घरों के बाहर पुलिस डेरा डाले हुए है। कुशीनगर में पुलिस ने कल पूर्व मंत्री राधेश्‍याम सिंह को हिरासत में ले लिया था। 
उधर इटावा में सुबह-सुबह ही सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। उन्‍होंने दुकानों को बंद करवाना शुरू कर दिया। वहां भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जौनपुर में भारत बंद का कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। गली-कूचों में चाय-पान की दुकानें सुबह नौ बजे तक खुल गईं। हालांकि दिहाड़ी मजदूरों पर भारत बंद का कोई असर देखने को नहीं मिला। लाइन बाजार में प्रतिदिन लगभग 300 के लगभग मजदूर आते हैं। आज सुबह नौ बजे तक काफी मजदूर काम पर जा चुके थे। वाजिदपुर तिराहे पर भी यातायात गतिविधियां सामान्य है। बच्चे और शिक्षक स्कूल जा रहे हैं। शहर के प्रतिष्ठित होटल और रेस्टोरेंट भी खुले हैं। ओलंदगंज रोड में दुकानें खुली नजर आई। रामपुर क्षेत्र के सभी बाजारों की दुकानें पूर्व की भांति खुली हैं। अभी तक बंद का कोई असर नही दिख रहा है। गौराबादशाहपुर कस्बे में भी सुबह खुली दुकानें। जो दुकानें अभी नहीं खुली थीं। पुलिस उन्हें खोलने के लिये कहते हुए गश्‍त कर रही है। शाहगंज में दुकानें रोज की तरह खुली हैं। 

मिर्जापुर में किसानों के बंद के आवाहन के मद्देनजर पुलिस ने भाकियू नेताओं को घर पर ही   नज़रबंद कर दिया है। भाकियू के मंडल महामंत्री वीरेंद्र सिंह को अहरौरा में नजरबंद किया गया है। अन्य नेताओं को भी पुलिस घर से बाहर नहीं निकलने दे रही है।