राम मंदिर निर्माण से ‘‘सदियों की आकांक्षा’’ पूरी हुई : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 31 जनवरी (ए) अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से ‘सदियों की आकांक्षा पूरी होने’ और महिला आरक्षण कानून बनने सहित सरकार के विभिन्न कार्यों और उपलब्धियों का लेखाजोखा देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को दुनिया भर में हो रही ‘‘उथल-पुथल’’ की ओर ध्यान दिलाया और कहा कि इस संक्रमण काल में उनकी ‘‘ मजबूत सरकार’’ ने भारत को ‘विश्व मित्र’ के रूप में स्थापित किया है।

उन्होंने बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘राम मंदिर की आकांक्षा सदियों से थी, आज सच हुई है।’’

उनकी इस टिप्पणी पर सदस्यों ने मेजें थपथपाईं।

अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह गत 22 जनवरी को संपन्न हुआ।

मुर्मू ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने, औपनिवेशिक आपराधिक कानूनों के स्थान पर नए कानून बनाए जाने, नारी वंदन अधिनियम और सरकार के कई अन्य कदमों का उल्लेख किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि दुनिया भर में गंभीर संकटों के बीच भारत सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था है और लगातार पिछली दो तिमाही में देश की विकास दर साढ़े प्रतिशत रही।