मोतिहारी: सात जुलाई (ए)
) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास यूक्रेन की एक महिला को वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से यहां रहने और पड़ोसी मुल्क में अवैध तरीके से घुसने की कोशिश करने के आरोप में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महिला के खिलाफ भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित हरपुर थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान ओक्साना शेवत्सोवा के रूप में हुई है।
मोतिहारी पुलिस के अनुसार, एसएसबी और जिला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में सैनिक रोड के पास से उस महिला को तब पकड़ा जब वह कथित तौर पर हरपुर के रास्ते अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी।
हरपुर एसएचओ को दी गई लिखित शिकायत में एसएसबी सब-इंस्पेक्टर नारायण सिधू ने कहा कि सोमवार शाम करीब 6.30 बजे नियमित गश्त के दौरान हरपुर सीमा के पास महिला को रोका गया।
पूछताछ के दौरान, वह कथित तौर पर भारत में अपने वैध प्रवास को साबित करने वाले वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रही। बाद में उसने अपने मोबाइल फोन पर अपने पासपोर्ट और वीजा की इलेक्ट्रॉनिक प्रतियां दिखाईं, जिनकी जांच करने पर पता चला कि वे 2022 में समाप्त हो चुकी थीं।
उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक ईयरबड और 7,330 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि बताया कि महिला से विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुई, यहां किन लोगों के संपर्क में रही और नेपाल जाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।