नेपाल सीमा के पास अवैध रूप से भारत में रह रही यूक्रेनी महिला गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण बिहार
Spread the love

मोतिहारी: सात जुलाई (ए)) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास यूक्रेन की एक महिला को वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से यहां रहने और पड़ोसी मुल्क में अवैध तरीके से घुसने की कोशिश करने के आरोप में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महिला के खिलाफ भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित हरपुर थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।पुलिस के अनुसार, हरपुर थाने की पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सैनिक रोड के समीप भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक विदेशी महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान जब उससे भारत में रहने और यात्रा से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य कोई वैध आव्रजन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला बिना किसी वैध अनुमति के भारत में रह रही थी और हरपुर सीमा के रास्ते अवैध रूप से नेपाल जाने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि बताया कि महिला से विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुई, यहां किन लोगों के संपर्क में रही और नेपाल जाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी भी और कड़ी कर दी है।