यरूशलम: एक अक्टूबर (एपी) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को कहा कि दुबई से तेल अवीव आ रहे ‘फ्लाईदुबई’ के विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने के कथित प्रयास में शामिल सह-पायलट को “इस्लामी, कट्टरपंथी विचारधारा का पाठ पढ़ाया गया था।”
हालांकि, नेतन्याहू ने इस बारे में कोई विवरण नहीं दिया।यह पूछे जाने पर कि सह-पायलट को कट्टरपंथी बनाने में किसने मदद दी, नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है और इजराइल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की ओर से की जा रही जांच में सहयोग कर रहा है।
इजराइली प्रधानमंत्री ने समाचार चैनल ‘फॉक्स न्यूज’ के ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स’ कार्यक्रम में कहा, “हम चीजों की तह तक जाएंगे।”
विमान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार का उपचार करने वाले दंत चिकित्सक डॉ. शोता मुसायेव की ओर से बनाए गए वीडियो में सह-पायलट को घुटनों के बल बैठे हुए देखा जा सकता है, जबकि उसके हाथ पीछे की ओर से बंधे हुए हैं। सह-पायलट का नाम जारी नहीं किया गया है और उसकी स्थिति के बारे में जानकारी नहीं है।
मच्छार ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की कथित कोशिश नाकाम कर दी थी। हालांकि, इस दौरान कॉकपिट में संघर्ष के दौरान सह-पायलट ने मच्छार को कथित तौर पर चाकू घोंप दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
