लखनऊ: नौ अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कार्यस्थल पर निर्धारित वेशभूषा में काम करने के लिए एक अतिरिक्त साड़ी मिलेगी। मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिमंडल बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अब विभागीय कार्यों के बेहतर निर्वहन और कार्यस्थल पर निर्धारित वेशभूषा में काम करने के लिए एक अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराई जाएगी।इस फैसले से प्रदेश की कुल 3,80,290 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को लाभ मिलेगा। राज्य सरकार इस पर करीब 19.02 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
वहीं, मैनपुरी जिले में 37 किलोमीटर से अधिक लंबा मार्ग चार लेन का होगा, जिसके लिए मंत्रिमंडल ने 328.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
बयान के अनुसार, कैबिनेट बैठक में मैनपुरी जिले के शिकोहाबाद-भोगांव राज्य मार्ग संख्या-84 के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की पुनरीक्षित प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
इसके तहत घिरोर से भोगांव तक 31.30 किलोमीटर मार्ग को चार लेन में विकसित करने और 6.56 किलोमीटर लंबे घिरोर बाईपास का निर्माण किया जाएगा।
