भाजपा ने पश्चिम बंगाल में जीत का भरोसा जताया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (ए) पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के एक दिन बाद एग्जिट पोल जहां राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के बीच कांटे की टक्कर दिखा रहे हैं वहीं भगवा दल ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि वह रविवार को मतों की गिनती के बाद अधिसंख्य सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा, “हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा और हम आराम से अगली सरकार बनाएंगे।”

कुछ एग्जिट पोल में तृणमूल कांग्रेस को बढ़त के पूर्वानुमान पर उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि भगवा दल को लोगों का आशीर्वाद मिलेगा।

पश्चिम बंगाल में पार्टी के सह प्रभारी के तौर पर सक्रिय रूप से प्रचार में शामिल भाजपा की सूचना प्रौद्योगिकी शाखा के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस पूर्वी राज्य में पहली बार भगवा पार्टी के सरकार बनाने को लेकर भरोसा जताया।

उन्होंने कहा, “हम समग्र रूप से जीतेंगे”। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस को बढ़त दिखाने वाले एग्जिट पोल को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगली सरकार बनाएगी।

पश्चिम बंगाल के हाई प्रोफाइल विधानसभा चुनावों के लिये बृहस्पतिवार को एग्जिट पोल में सत्ताधारी टीएमसी और भाजपा के बीट कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच बहुत ही कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया है। उसके मुताबिक भाजपा को 134 से 160 सीटें मिल सकती हैं जबकि तृणमूल कांग्रेस को 130 से 156 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

रिपब्लिक-सीएनएक्स के सर्वेक्षण में भाजपा को तृणमूल कांग्रेस पर थोड़ी बढ़त दिखायी गई है। उसके मुताबिक राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 138 से 148 सीटें मिल सकती है जबकि तृणमूल कांग्रेस 128 से 138 सीटों के बीच सिमट सकती है।

हालांकि, टाइम्स नाउ-सी वोटर के सर्वेक्षण में तृणमूल कांग्रेस को 158 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है जबकि भाजपा को 115 सीटें मिल सकती हैं।

जन की बात ने अपने सर्वेक्षण में पश्चिम बंगाल में भाजपा को 162 से 185 सीटें मिलने का अनुमान जताया है जबकि उसके मुताबिक तृणमूल कांग्रेस 104 से 121 सीटों पर सिमट सकती है।

वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 211 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

इस द्विपक्षीय मुकाबले में वाम-कांग्रेस गठबंधन के और हाशिये पर जाने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।