उप्र दरोगा भर्ती परीक्षा के बारे में ‘मनगढ़ंत’ जानकारी पोस्ट करने पर मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 11 जुलाई (ए)) लखनऊ में पुलिस ने ‘उप्र दरोगा भर्ती परीक्षा-2025’ के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से मनगढ़ंत और भ्रामक संदेश पोस्ट करने के आरोप में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के एक उपयोगकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अभी तक आरोपी व्यक्ति की पहचान नहीं कर सकी है।

पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है, ‘‘सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मनगढ़ंत और भ्रामक संदेश पोस्ट कर उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 की चयन प्रक्रिया की शुचिता को प्रदूषित करने, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के बीच उपद्रव पैदा करने, सरकारी काम में बाधा डालने और उत्तर प्रदेश सरकार की छवि खराब करने के इरादे से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का दुरुपयोग किया गया है.”

सत्येन्द्र कुमार की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को ‘एक्स’ हैंडल से सबंधित एक ‘यूजर आईडी’ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।पुलिस ने कहा कि मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221 (लोक सेवक को उसके सार्वजनिक कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा पहुंचाना), धारा 292 (उपद्रव को बढ़ावा देने वाला बयान) और आईटी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।