कोरोना का डर या कुछ और: जेल की दीवार फांदकर पांच कैदी फरार, एक पकड़ा गया

राष्ट्रीय
Spread the love


रायपुर,07 मई (ए)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पांच कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए जिनमें से एक को पकड़ लिया गया है जबकि चार की खोज की जा रही है। जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिला जेल महासमुंद से अलग-अलग मामले में सजा काट रहे पांच कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। इस बीच देर रात एक कैदी को पकड़ लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि जेल में दोपहर के खाने के बाद कैदी अपनी-अपनी बैरक में थे। कुछ कैदी बाहरी हिस्से में काम कर रहे थे। इन कैदियों में भागने वाले कैदी भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि बाद में कर्मचारियों ने जेल के अधिकारियों को कैदियों के भागने की जानकारी दी। इसके बाद फरार कैदियों की खोज शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार कैदियों में धनसाय, डमरूधर और राहुल लूट के आरोपी हैं। ये कैदी वर्ष 2019 से जेल में बंद थे। राहुल उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का तथा अन्य दो महासमुंद जिले के निवासी हैं। अन्य फरार कैदियों में दौलत को दुष्कर्म के आरोप में तथा करण को नशीला पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि कैदियों के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस अधिकारियों ने जेल के सीसीटीवी का निरीक्षण किया तब जानकारी मिली कि कैदी 21 फुट ऊंची दीवार को फांदकर फरार हुए है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद शहर में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार कैदियों की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल ने फरार कैदी डमरूधर को बेमचा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है तथा चार अन्य कैदियों की तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य के गृह और जेल मंत्री ताम्रध्वज साहू ने जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि फरार कैदियों में से चार को 2019 में सजा होने के बाद जेल लाया गया था। वहीं, एक कैदी को 2020 में सुनवाई के बाद जेल लाया गया था।