शिमला: आठ अगस्त (ए) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे एक निजी बस पलटकर नीचे की सड़क पर जा गिरी, जिससे सात यात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा उस समय हुआ जब बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर चालुज मोड़ के पास बस पलट गई। चुराह घाटी का 27 किलोमीटर लंबा यह पहाड़ी मार्ग बेहद संकरा है और कई जगह गहरी खाइयां हैं। यह मार्ग ऊंचाई पर स्थित साच दर्रे की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों में से एक है।हादसे में जान गंवाने वालों में जगदेव पुत्र धर्म सिंह, हरदेई पत्नी जगदेव, देसराज पुत्र त्रिलोचन, चालक रूप सिंह पुत्र राधाराम, कंडक्टर तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, निलमा पत्नी मोतीराम,जगदेई पत्नी हरिलाल शामिल हैं। सभी मृतक चंबा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हुई है और 11 यात्री घायल हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
