नैरोबी: 17 सितंबर (ए) केन्या में अपहृत तीन भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से स्वदेश भेज दिया गया है। नैरोबी स्थित भारतीय मिशन ने यह जानकारी दी।
मिशन ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय उच्चायोग ने हाल ही में केन्या में अपहृत पंजाब के तीन भारतीय नागरिकों के बचाव, सुरक्षा और स्वदेश वापसी में मदद की।’’ उच्चायोग ने कहा कि उसने केन्या के अधिकारियों, विशेष रूप से आपराधिक जांच निदेशालय (डीसीआई) के साथ मिलकर काम किया।
डीसीआई ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तीनों भारतीयों का नैरोबी स्थित जोमो केन्याटा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के तुरंत बाद अपहरण कर लिया गया था।उसने कहा कि केन्याई अधिकारियों ने ‘‘त्वरित और समन्वित प्रयासों’’ के बाद तीनों भारतीयों को बचाया।
डीसीआई ने इससे पहले बताया था कि उसने 11 अगस्त को मानव तस्करी के एक संदिग्ध मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीन भारतीय नागरिकों को बचाया।
डीसीआई के अनुसार, केन्या पहुंचने के बाद तीनों के लापता होने की सूचना दी गई थी। वे पांच अगस्त को केन्या पहुंचे थे और उन्हें कियाम्बू काउंटी के रुइरु स्थित फोर्ट जीसस इलाके में एक मकान से बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि हवाई अड्डे से निकलने के बाद तीनों भारतीय एक टैक्सी से रवाना हुए, जिसे कथित तौर पर उनके संपर्क में रहे एक व्यक्ति ने उनके लिए बुक किया था। वह व्यक्ति रुइरु में उनका इंतजार कर रहा था। इसके बाद तीनों को एक मकान में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उन्हें किसी से संपर्क नहीं करने दिया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में एक भारतीय, दो पाकिस्तानी और दो केन्याई नागरिक शामिल थे।
डीसीआई ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया था कि वे तीनों भारतीयों को इथियोपिया के रास्ते इटली जाने में मदद कर रहे थे।
