बरेली में आंधी-तूफान का कहर, टिन शेड के साथ व्यक्ति हवा में उड़ा; चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश बरेली
Spread the love

बरेली: 14 मई (ए)

। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान के दौरान एक व्यक्ति के टिन शेड के साथ करीब 50 फुट तक हवा में उड़ जाने का चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मौसम संबंधी इस भीषण परिस्थिति की वजह से जिले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि भमोरा इलाके में एक युवक टिनशेड के साथ हवा में उड़ गया और खेत में जाकर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव की है। युवक की पहचान नन्हे के रूप में हुई है। अचानक तेज आंधी आने पर वह टीन शेड को संभालने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हवा इतनी तेज थी कि वह शेड समेत ऊपर उठ गया।

कुछ ही क्षण बाद युवक नीचे गिर पड़ा, जिससे वह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग युवक की किस्मत को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि बड़ा हादसा टल गया।