लाहौर: 25 फरवरी (ए
) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक यूट्यूबर को उस सुरक्षा काफिले का वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उनकी आंखों के इलाज के लिए इस्लामाबाद के एक अस्पताल ले जाया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पूर्व प्रधानमंत्री 73 वर्षीय इमरान 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें मंगलवार को ‘एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल इंजेक्शन’ की दूसरी खुराक के लिए ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (पीआईएमएस) ले जाया गया। पिछले महीने खान की आंख में रैटीना संबंधी समस्या सीआरवीओ का पता चला था, जिससे उनकी दृष्टि प्रभावित हुई है।
पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘यूट्यूबर हैदर सईद (जिसका खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ से संबंध है) को मंगलवार को खान को आंखों के इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे सुरक्षा काफिले का वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।’
उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने न केवल सुरक्षा काफिले का वीडियो बनाया बल्कि उसे सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया, जिससे खान और सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। उन्होंने कहा, ‘संदिग्ध को अडियाला पुलिस चौकी में स्थानांतरित कर दिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।