दुल्हन एक और दूल्हे दो: लड़की के घर वाले ही नहीं, गांव वाले भी हैरान, फिर भी दोनो ने रचाई शादी,जानें कैसे?

उत्तर प्रदेश कन्नौज
Spread the love

कन्नौज, 17 मई (ए)। यूपी के कन्नौज जिले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब एक ही दुल्हन से ब्याह रचाने के लिए दो दूल्हे बारात लेकर पहुंच गए। एक शादी तय होने के बाद बारात के साथ आया था तो दूसरा प्रेमी खुद बरात लेकर पहुंच गया। दो-दो बारात देख लोग अचंभित रह गए। मामला पुलिस तक पहुंचा। इस दौरान घंटों चली पंचायत के बाद दुल्हन ने प्रेमी का चयन किया तो तय बरात के साथ पहुंचे दूल्हा मायूस हो गया। यह देख गांव के ही एक परिवार ने दूसरे दूल्हे से अपनी बेटी की शादी कराई। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात सौरिख थाना क्षेत्र से दूल्हा बरात लेकर पहुंचा। बरात पहुंचते ही जनातियों ने उनकी खातिरदारी की। सभी कार्यक्रम हो जाने के बाद जब द्वार चार कार्यक्रम होने लगा उसी दौरान दुल्हन का प्रेमी छिबरामऊ थाना क्षेत्र से भी बारात लेकर आ पहुंचा। प्रेमी को देख दुल्हन खुशी से झूम गई। इस बीच उसने आए दूल्हे से शादी से इंकार कर दिया। सभी कार्यक्रम होने के बाद शादी से इनकार की जानकारी लगते ही बारातियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी व दुल्हन को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने लगी।
इतने में प्रेमी की फर्रुखाबाद से शादी तय थी वहां 23 जून को बारात जानी निर्धारित थी। वह लोग भी कोतवाली आकर प्रेमी के शादी करने का विरोध करने लगे। तीनो पक्षों में चली घंटो पंचायत के बाद किशोरी के परिजनों ने दूल्हे का सामान वापस कर दिया। दूल्हे ने तिलक में ली बाइक भी वापस कर दी।

उधर, प्रेमी की रूकाई में फर्रुखाबाद वालों की दी धनराशि को प्रेमी ने वापस कर एक दूसरे से समझौता कर लिया। तीनों पक्षों ने अपना-अपना समझौता लिखकर पुलिस को सौंपा। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि कोतवाल शैलेंद्र कुमार ने सभी से समझौता पत्र लिया। इसके बाद दुल्हन की शादी उसके प्रेमी के साथ हुई।
बरात लेकर आया दूल्हा शादी न होने पर मायूस था। इसी बीच गांव के ही एक परिवार ने पहल की और अपनी बेटी की शादी की बात रख दी। दूल्हा तुरंत राजी हो गया। इसके बाद रात में दोनों की शादी कराई गई।