शादी मे भड़का दूल्हा, गोली मारकर की चार लोगो की हत्या

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love


बैंकॉक,27 नवंबर (ए)। थाइलैंड में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हा ऐसा भड़क गया कि उसने गोलियां मारकर 4 लोगों की हत्या कर दी। यही नहीं उसने दुल्हन को भी मार डाला और फिर अंत में खुद को भी गोली मार ली। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार, 25 नवंबर को थाइलैंड के वांग नाम खियो जिले में यह घटना हुई। बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 29 साल के पूर्व सैनिक और पैरालंपिक एथलीट चातुरोंग साकसुक लिव इन रिलेशनशिप में थे। उनका 44 वर्षीय गर्लफ्रेंड कंचना पाचुनथुएक से तीन साल से रिश्ता था। इसके बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया।
दोनों की शादी का आयोजन शनिवार को चल रहा था। इसी दौरान दूल्हा चातुरोंग साकसुक मौके से चला गया और थोड़ी देर बाद शादी वाली जगह पर पिस्तौल के साथ आया। मौके पर मौजूद एक शख्स ने बताया कि उसकी दुल्हन के साथ किसी निजी मामले पर बहस हुई थी। इसके बाद वह तुरंत अपनी गाड़ी तक गया और वहां से पिस्तौल निकाल लाया। फिर उसने दुल्हन समेत 4 लोगों को गोली मार दी, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। यही नहीं जब तक लोग उसे काबू कर पाते, उसने खुद को भी गोली मार ली। इस हादसे से पल भर में जश्न का माहौल मातम में बदल गया।
दूल्हे ने न सिर्फ गर्लफ्रेंड कंचना को गोली मार दी बल्कि उसकी 62 वर्षीय मां और 38 साल की बहन को भी गोली मार दी। उसने दो मेहमानों को भी गोली मार दी, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक की मौत हो गई , जबकि दूसरा अब भी गंभीर रूप से घायल है। इसके बाद दूल्हे ने खुद को भी गोली मार ली। उसकी भी तुरंत ही मौत हो गई। मौके से 11 कारतूस बरामद किए गए हैं। मौके पर मौजूद एक शख्स ने कहा कि शादी की शुरुआत से ही दूल्हा किसी बात से नाराज था। हालांकि अब तक यह साफ नहीं है कि वह किस बात से भड़का था और इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस मौके से सबूत तलाश रही है।