शादी की पहली रात को जब ससुराल वालों को कमरे में बंद कर रफूचक्कर हुई दुल्हन,फिर जो हुआ-

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love


आगरा, 27 अप्रैल (ए)। यूपी के आगरा से एक ऐसी खबर सामने आई है जहां शाहगंज क्षेत्र से एक दुल्हन सुहागरात से पहले फरार हो गई। बताया जाता है कि दस घंटे पहले ही वह सात फेरे लेकर ससुराल आई थी। इतना ही नहीं भागने से पहले दुल्हन ने ससुरालीजनों को कमरे में बंद कर दिया। दीवार से कूदी और रफूचक्कर हो गई। आधी रात को दूल्हे ने 112 नंबर पर सूचना दी। पूरी रात दुल्हन की तलाश की गई। ससुरालीजनों से दुल्हन को खोजने की पुलिस से गुहार लगाई है। आशंका है कि दुल्हन किसी के साथ गई है। यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हुई थी।
पुलिस के मुताबिक घटना चांदी कारीगर के साथ हुई है। घरवाले उसके लिए रिश्ता खोज रहे थे। करीब दो माह पहले ताजगंज क्षेत्र निवासी एक परिचित ने कहा कि उसकी साली अविवाहित है। ससुरालीजन उसके लिए लड़का खोज रहे हैं। ससुराल वाले गरीब हैं। लड़की देख लो। पसंद आएगी तो शादी का दोनों तरफ का खर्चा लड़के को उठाना होगा। युवक के घरवालों ने लड़की देखी। लड़की पसंद आ गई। शादी तय हो गई। दूल्हा 25 अप्रैल को बारात लेकर गोरखपुर पहुंचा। दोनों की शादी हुई। सात फेरे लिए। दुल्हन को लेकर बारात 26 अप्रैल की दोपहर आगरा आ गई। बुधवार को कंगन खुलने की रस्म होनी थी। इंस्पेक्टर शाहगंज जसवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात दुल्हन सास के कमरे में सोई। आधी रात को दुल्हन उठी। पहले सास का कमरा बाहर से बंद किया। उसके बाद अन्य ससुरालीजनों के कमरे की बाहर से कुंडी लगाई। आंगन में साइकिल रखी थी। उस पर चढ़कर दीवार से कूदी और भाग गई।
रात को सास की अचानक आंख खुली तो दुल्हन गायब थी। सास को लगा कि फ्रेश होने गई होगी। सास ने कुछ देर इंतजार किया। जब दुल्हन नहीं आई तो सास बिस्तर से उठी। कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। वह बाहर से बंद था। यह देख सास ने शोर मचाया। बेटे का कमरा भी बाहर से बंद था। यह देख घरवालों ने 112 नंबर पर फोन किया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घरवालों को पहले तो समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है। पूरा घर खंगालने पर जब दुल्हन नहीं मिली तो तस्वीर साफ हुई। सुबह तक घरवाले दुल्हन की तलाश में जुटे रहे मगर कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पर गोरखपुर से दुल्हन के परिजन भी आ गए। परिवार के लोग शाहगंज थाने पहुंचे थे। इंस्पेक्टर शाहगंज ने बताया कि दुल्हन का पता लगाया जा रहा है। मामला अपहरण का नहीं है। दुल्हन अपनी मर्जी से गई है। अभी तक किसी प्रकार की लूटपाट की कोई शिकायत नहीं की गई है।
कालोनी में चौकीदार तैनात है। आधी रात को चौकीदार ने दुल्हन को देखा था। दुल्हन ने उसी से कालोनी का गेट खुलवाया। पहले तो चौकीदार ने आधी रात को जाने का कारण पूछा। दुल्हन ने उसे हड़का दिया। कहा कि अपने काम से काम रखे। चौकीदार ने यह जानकारी रात को दुल्हन के परिजनों को दी।
दुल्हन के घर से भागने के दस मिनट बाद ही ससुरालीजनों को खबर हो गई थी। वे उसकी तलाश में जुट गए। आस-पास का इलाका खंगाला मारा। कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस आशंका जता रही है कि दुल्हन अकेले नहीं गई है। हो सकता है कि कोई उसे लेने आया हो। फिलहाल यह आशंका है। दुल्हन पैदल जाती तो रात को कहीं न कहीं मिल जाती। दुल्हन के साथ कोई और तो नहीं था। यह पता लगाने के लिए घरवाले अपने स्तर से सीसीटीवी खंगाल रहे हैं।